सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीराबस्ती स्थित गैस एजेंसी के सामने शनिवार की सुबह ट्रक व टेम्पो की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें सवारियों से भरी टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। तेज आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और टेंपो के नीचे दबे घायलों को निकाल कर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवती तथा एक युवक की गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। लेकिन वाराणसी ले जाते समय युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
शनिवार की सुबह शिवपुरा से सवारियों से भरी टेंपो जिला मुख्यालय जा रही थी कि सामने से आ रही लाल बालू लदी ट्रक से टक्कर हो गई। टेंपो मौके पर पलट गया। घटना में सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में शम्भू नाथ (46) निवासी तापनी, अजय कुमार (22) निवासी असेगा, नमोनारायण पासवान (30) निवासी मिड्ढा, उमा देवी (46) निवसी भरतपुरा, प्रमोद दुबे (55) घायल हो गए। वहीं, अवनीश सिंह (35) निवासी देलहुवा एवं निवसी बेरुआरबारी, दीप्ति सिंह (20) की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जहां अवनीश सिंह को ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ सुखपुरा संजय द्विवेदी ने टक्कर मार कर भाग रहा ट्रक समेत चालक को हिरासत में ले लिया।