बेल्थरारोड। नगर पंचायत वार्ड नंबर सात मानस मंदिर के निकट मंगलवार को घर में खाना बनाते समय गैस रिसाव के चलते सिलेंडर में आग लग गई। इससे अफरा तफरी मच गई। लोगों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ऐसे में बड़ा हादसा टल गया।
मानस मंदिर के समीप डाक बंगला रोड पर अजय का घर है। सुबह उसके घर रसोई गैस से खाना बन रहा था । इस दौरान सिलेंडर के रेगुलेटर में लीकेज के चलते गैस का रिसाव हो रहा था । रिसाव के चलते रेगुलेटर में आग लग गई और सिलेंडर से आग की लपटें उठने लगी । आग की लपटों को देख महिलाओं ने शोर मचाया । इससे मौके पर अफरा तफरी मच गई और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल भागे ।यह देख मौके पर जुटे लोगों ने सिलेंडर पर बालू और मिट्टी डाल आग पर काबू पाया यदि लोग साहस दिखाकर सिलेंडर की आग को नहीं बुझाते तो सिलेंडर फट जाता और बहुत बड़ा हादसा हो जाता । मालूम हो कि इसी वार्ड के एक घर में गत दिनों गैस रिसाव से विस्फोट हो गया था।जिसकी जद में आने से आधा दर्जन गंभीर रुप से घायल हो गए थे । सभी लोगों का इलाज लखनऊ में हो रहा है । सभी की हालत में सुधार बताया गया है।