नगरा (बलिया)। नगरा पुलिस ने किशोरी को बहला फुसला कर भगाने व उसके साथ रेप करने के आरोपी देवढिया निवासी श्रीराम राजभर को शनिवार को सुबह रसड़ा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। इसी के साथ पुलिस ने किशोरी को भी बरामद कर लिया। आरोपी युवक किशोरी को लेकर ट्रेन से कहीं भागने की फिराक में था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र के एक गांव से किशोरी को भगाने वाला आरोपी किशोरी के साथ रसड़ा रेलवे स्टेशन पर खड़ा है। सूचना पर एसआई सुनील स़िह अपने हमराहियों के साथ रसड़ा रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए व आरोपी को हिरासत में ले लिया, साथ ही किशोरी को भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार देवढिया निवासी श्रीराम राजभर एक किशोरी को 3 जून को बहला फुसलाकर कह़ी भगा ले गया था इसकी प्राथमिकी 30 जून को दर्ज की गई थी। पुलिस ने किशोरी की पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध रेप, पाक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने किशोरी को महिला पुलिस के संरक्षण में मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।