बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के मंगलपुरा गाँव में दह ताल में मोतीझील पुल के पास सेतु निगम के चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने सेतु निगम के अस्थाई टिन शेड के बने घर मे रह रहे थे। मंगलपुरा और डूहिमुसी गाँव के बीच मे दह ताल में मोतीझील पुल सेतु निगम के द्वारा बनवाया गया है। पुल पर आवागमन भी शुरू हो चुका है। कुछ सामान सेतु निगम का अभी भी पड़ा है। इसी की रखवाली के लिए सेतु निगम ने एक चौकीदार राजेन्द्र उपाध्याय पुत्र तुलसी उपाध्याय निवासी ग्राम सिसवा थाना मल्लाही जिला मोतिहारी चौकीदार पद पर रखा था। उनकी ड्यूटी मंगलपुरा में थी। रविवार की रात्रि खाना खाकर अपने अस्थायी घर में सो गए थे। जब सोमवार को दिन भर वह नहीं दिखे तो वहां चाय की दुकान पर लोगों ने चर्चा शुरू कर दी। इसी बीच देर रात्रि ग्रामीणों ने उनके घर में जाकर देखा तो अचेेता अवस्था में मिले। तत्काल सूचना प्रभारी निरीक्षक संजय त्रिपाठी को दी। मौके पर पहुँचे प्रभारी निरीक्षक ने जाकर देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। अंगुली पर खून के निशान व मुंह से झाग निकला था। उन्होंने इसकी सूचना सेतु निगम के अधिकारियों और परिवार के लोगों को दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।