हनुमानगंज। बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते बुधवार की रात क्षेत्र के जीराबस्ती गांव में एक साथ 50 घरों में करेंट उतर गया। संयोग अच्छा रहा कि कोई हादसा नहीं हुआ और 300 जिंदगियां बाल-बाल बच गई। सूचना के बाद भी आधे घंटे तक बिजली की आपूर्ति जारी रही। उधर, गुरुवार को तार जोड़ने पहुंचे कर्मचारियों को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया और जमकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। गांव के ही कुछ लोगों ने हस्तक्षेप किया तब जाकर तार जोड़ा जा सका।
क्षेत्र में बिजली तार काफी पुराना तथा जर्जर है। यहां घरों की छत से महज चार फीट, जबकि सड़क से मात्र आठ फीट की ऊंचाई पर तार लटक रहा है। शिकायत के बाद भी विभाग लापरवाह बना रहा। नतीजन, बुधवार की रात अचानक आंधी के कारण बूढ़ा वर्मा के घर के पास 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिर गया। देखते ही देखते लगभग 50 घरों में करेंट दौड़ गया। इसमें रामनाथ वर्मा, संतोष वर्मा, बूढ़ा वर्मा, मकुन पांडेय, वरकन पांडेय, सुखराम वर्मा, बाचस्पति पांडेय, कल्लू पांडेय, राजकुमार पांडेय, राजू पांडेय, झामलाल पांडेय, चुन्नू तिवारी, राजेश तिवारी, गुडन पांडेय, नागेंद्र पांडेय आदि के घरों में अचानक करंट आने से इलेक्ट्रानिक सामान जहां जल गया, वहीं बारिश के कारण दीवारों पर भी करंट दौड़ने लगा। सूचना के बाद भी बिजली विभाग के कर्मचारी आधे घंटे तक नहीं पहुंचे। संयोग अच्छा रहा कि कोई हादसा नहीं हुआ।
उधर, रातभर इंतजार कराने के बाद गुरुवार की सुबह जब बिजली विभाग के कर्मचारी तार जोड़ने मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें तार जोड़ने से मना करते हुए खदेड़ दिया। साथ ही नारेबाजी भी की। इसके बाद कर्मचारी पुन: तार जोड़ने के लिए पहुुंचे तो तब गांव के ही कुछ लोगों हस्तक्षेप कर कार्य शुरू कराया।