बलिया/बेल्थरारोड/रसड़ा। कोतवाली समेत दो थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की देर रात गायत्री मंदिर के समीप सिकन्दरपुर की तरफ से आ रहे किसी वाहन ने शहर कोतवाली क्षेत्र के बनकटा निवासी शिव कुमारी देवी (50) पत्नी स्वं जीतन तुरहा एवं रामपुर महावल निवासी पूनम मिश्रा (50) पत्नी स्वं शुभम मिश्रा को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां पूनम देवी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदूकी मठिया निवासी जावेद उर्फ राजा बाबू (17) अपने ननिहाल तपनी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह कस्बा स्थित चट्टी के समीप पहुंचा कि सामने से तेज रफ्तार से आ रही गाड़ी से बचने के लिए एकाएक बाइक का ब्रेक लगा दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बेल्थरारोड : उभाव थाना क्षेत्र के पलिया ग्राम निवासी वीरेंद्र (22) बाइक पर सवार होकर चौकिया मोड़ से बेल्थरारोड की ओर आ रहे थे। बिठुवां मोड़ पर वीरेंद्र ने तेज गति की बाइक में अचानक डिश ब्रेक लगा दिया। जिससे बाइक असंतुलित होकर पलट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां गंभीरावस्था देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी मौत हो गई।
रसड़ा : कोतवाली क्षेत्र के कासिमाबाद मार्ग स्थित सिलहटा पुल के समीप बाइक सवार सिकंदरपुर थाना के गाजी पाकड़ निवासी सोनू (26) अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे जा गिरा। जिससे वह घायल हो गया। उधर, मऊ मार्ग स्थित नारायणपुर गांव के समीप नारायणपुर निवासी देव भूषण तिवारी (60) पैदल ही परसिया निमंत्रण के लिए जा रहे थे कि मऊ की तरफ से आ रहे बाइक की जद आकर घायल हो गए।