सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के कटघरा गांव में शनिवार की सुबह जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए, सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कटघरा गांव निवासी लल्लन यादव व बब्बन यादव के परिवार के लोग शनिवार की सुबह विवादित जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। जिसको रामाश्रय यादव ने रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। थोड़ी ही देर बाद दोनों में जमकर मारपीट हो गई, जिसमें एक पक्ष से अजीत यादव (31), रामाश्रय यादव (60), जबकि दूसरे पक्ष से लल्लन यादव (40) घायल हो गए, जिसमें लल्लन यादव की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में एक दिन पहले ही पुलिस ने दोनों पक्षों को गिरफ्तार कर 151 सीआरपीसी के तहत चालान भी किया था। जिसमें तहसील से जमानत मिल गई थी।