बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के संवरुपुर गांव में शनिवार को दो सगे भाइयों की करेंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गड़वार थाना क्षेत्र के संवरुपुर निवासी हरे राम (28) पुत्र कांता राजभर शनिवार की सुबह घर में बिजली की आपूर्ति नहीं आने पर बिजली का तार जोड़ रहा था। इसी बीच बिजली आ गई और वह करेंट लगने से छटपटाने लगा। यह देख बगल में सोया उसका छोटा भाई जितेंद्र अपने बड़े भाई हरेराम को छुड़ाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान जितेंद्र भी करेंट लगने से छटपटाने लगा। घरवालों के शोर करने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होकर डंडे से मार कर बिजली कनेक्शन को काटा और इसकी सूचना पुलिस को दी। करेंट से गंभीर रूप से झुलसे दोनों युवकों को पुलिस जिला अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से पूरे गांव में कोहराम मचा गया। वहीं परिवार वालों का भी रोते-रोते बुरा हाल है।