बेल्थरारोड। उभाव थाना क्षेत्र के सहियां ग्राम में शनिवार की रात आग लगने से तीन मड़हे धू-धूकर जल गए। इससे तीनों मड़हों में रखा अनाज, भूसा और गृहस्थी का सामान राख हो गया। घाघरा तट पर बसे सहियां गांव में आधी रात के बाद मड़हों से आग की लपटें उठने लगीं। परिवार वालों की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक राजकुमार यादव, शिवकुमार, जीतन के मड़हे राख के ढेर में तब्दील हो चुके थे। पीड़ितों ने बताया कि मड़हों में रखा करीब 30 क्विंटल अनाज, भूसा और गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया।