भीमपुरा। थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में मंगलवार की शाम आयी बारात में घराती व बराती के बीच किसी बात को लेकर जमकर मारपीट के साथ चाकूबाजी हुई। इसमें बराती पक्ष के एक युवक को चाकू लग गया। इसके अलावा दोनों पक्ष के आठ लोग घायल हो गए। बरातियों ने चाकू से घायल युवक को आनन फानन में निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां पर स्थित गम्भीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन उसे मऊ सदर अस्पताल ले जाया गया है। वहां से चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में बुधवार को बराती पक्ष की ओर से सात लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।
बताया जा रहा है कि मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के कंसो निवासी कमलेश चौहान के लड़के की बरात बलिया के भीमपुरा थाना क्षेत्र के रतनपुर निवासी जनार्दन चौहान के यहां आई थी। जहां किसी बात को लेकर घरातियों और बरातियों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना तूल पकड़ा कि दोनों ओर से जमकर मारपीट के साथ ही चाकूबाजी होने लगी। जिसमें बराती पक्ष के अवधेश चौहान को चाकू लग गया। जबकि चार लोग घायल हो गए। वही घराती पक्ष के भी चार लोगों को गंभीर चोटें आईं। बुधवार को बराती पक्ष के सत्येंद्र चौहान ने घराती पक्ष के सात लोगों के खिलाफ भीमपुरा थाने में तहरीर दी। इस बाबत सीओ रसड़ा केपी सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच गये और एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।