हल्दी। विकास खंड बेलहरी के ग्राम पंचायत हल्दी निवासी रोजगार सेवक पर प्रधानमंत्री आवास योजना में पैसा लेने का आरोप लगाते हुए खण्ड विकास अधिकारी बेलहरी ने इलाकाई पुलिस को तहरीर दिया था, जिस पर पुलिस ने रोजगार सेवक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।हल्दी गांव निवासी कलपतिया देवी पत्नी स्व.इन्द्र देव राम ने अपने गांव के रोजगार सेवक पर पैसा लेने का आरोप लगाया था, जिसका जांच जिला विकास अधिकारी शशिमौली मिश्रा ने किया। उन्होने जांच रिपोर्ट में पाया कि रोजगार सेवक उदित यादव (अशोक यादव) के द्वारा आवास दिलवाने के नाम पर मंजू देवी,कलपतिया देवी, विक्रम राम व सीता देवी से 15-15 हजार रुपये लिया है, वहीं शैलेन्द्र से 20 हजार रुपए लिये जाने की बात सामने आई है। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर मुख्य विकास अधिकारी बलिया संतोष कुमार ने खंड विकास अधिकारी बेलहरी अशोक कुमार को आदेश दिया कि उक्त रोजगार सेवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाय। खंड विकास अधिकारी बेलहरी अशोक कुमार ने 22 नवंबर को हल्दी थाने में तहरीर दिया था। रोजगार सेवक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।