जयप्रकाशनगर। बैरिया थाना क्षेत्र के एनएच 31 के बैरिया-मांझी मार्ग पर स्थित जिन्न बाबा मंदिर के समीप कार व बाइक में टक्कर हो गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों में कार सवार निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराकर पटना चले गए तो वहीं बाइक सवार घायल को सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। बैरिया की तरफ से आ रही टवेरा कार व मांझी के तरफ से आ रहे बाइक सवार जिन्न बाबा मंदिर के पास आमने-सामने टकरा गए। कार में सवार बिहार राज्य के राजा बाजार निवासी रत्नेश कुमार (32), सुनील मेहरा (39), वैभव मेहरा (27) घायल हो गए। इन घायलों को कार में सुरक्षित बचे परिजनों ने टोला शिंवन राय चट्टी पर स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में इलाज कराकर पटना चले गए। उधर, बाइक सवार बलिया के शहर निवासी मुन्ना गुप्ता को लोगों ने सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।