बलिया। सोशल मीडिया पर प्रेमी संग आपत्तिजनक फोटो वायरल किए जाने पर उभाव थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर स्थित कुंए में मंगलवार की सुबह एक छात्रा ने कुंए में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। कुएं के बाहर छात्रा की चप्पल देख ग्रामीणों ने परिवारीजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के भाई ने एक युवक के विरुद्ध पुलिस का नामजद तहरीर दी है। उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी बीए की छात्रा पढ़ाई के साथ-साथ एक प्राइवेट विद्यालय में पढ़ाती भी थी। मंगलवार की सुबह कुंए के पास पड़ी उसकी चप्पल देख ग्रामीणों को शंका हुई। जब वह कुएं के पास पहुंचे तो उसमें छात्रा का उतराया शव देखकर आवाक रह गए। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। बाद में ग्रामीणों ने उसकी पहचान होने पर परिवारीजनों के साथ ही पुलिस को भी खबर की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पर पहुंच गई और शव को कुंए से बाहर निकलवाया तथा उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, मृतका के भाई ने एक युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। बेल्थरारोड संवाददाता के अनुसार, मृतका की मां का आरोप है कि दो दिन पूर्व गांव के ही एक युवक ने उनकी पुत्री की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। जिस पर बेटी आहत थी। लोकलाज के भय से उसने यह कदम उठा लिया। बताया कि उन्हें लगा कि बेटी शौच के लिए गई होगी।