बलिया। मंगलवार की दोपहर नगर से सटे श्रीरामपुर घाट पर कोतवाली पुलिस को एक माह पूर्व गायब हुए युवक का बेल्ट, चप्पल व कंकाल मिला। जिसकी शिनाख्त मौके पर पहुंचे कोतवाली क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी लालजी ने पुत्र मनीष कुमार (23) के रूप में की गई। पुलिस ने कंकाल व सामानों को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया। मृतक युवक की मां राजकुमारी देवी ने छह लोगों के विरुद्ध कोतवाली में नामजद तहरीर दिया। पुलिस दो अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतका की मां राजकुमारी देवी ने तहरीर में उल्लेख किया है कि 13 जनवरी 2018 को कोतवाली क्षेत्र के बेदुआ निवासी आर्यन व आयुष पुत्रगण मंगलदेव ठाकुर तथा विशाल व विकास पुत्रगण दीना ठाकुर करीब 2.30 बजे मेरे घर आए और मेरे पुत्र मनीष कुमार को साथ लेकर जाने लगे। जब मैंने पूछा कि तुम लोग कहां जा रहे हो और कब तक आओगे ? तो चारो युवकों ने बताया कि आंटी पार्टी है, शाम सात बजे तक हम लोग आ जाएंगे। जब पुत्र देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो उनके घर पता किया तो पता चला कि पांचों युवक नहीं आए है। इसके बाद हम लोगों ने काफी छानबीन किया। लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला। इसके बाद 16 फरवरी 2018 को कोतवाली में तहरीर दिया। जिसके बाद पुलिस ने 17 फरवरी को गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया। 19 फरवरी की शाम किसी ने बताया कि तुम्हारे पुत्र की हत्या कर दी गई है। जिसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। मंगलवार को पुलिस को श्रीरामपुर घाट पर मेरे पुत्र की बेल्ट, चप्पल व कंकाल मिला। पीड़िता ने कोतवाली क्षेत्र के बेदुआ निवासी मंगलदेव ठाकुर, दीना ठाकुर एवं उनके पुत्र क्रमश: आर्यन, आयुष, विकास, विशाल के विरुद्ध नामजद तहरीर दिया। उसका आरोप है कि मंगलदेव व दीना के इशारे पर उनके पुत्रों ने मेरे पुत्र की हत्या की है। इस बाबत सीओ सिटी हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि अभी पीड़ित की ओर से तहरीर नहीं मिला है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।