नगरा। थाना क्षेत्र के नगरा रसड़ा मार्ग पर टांडी के समीप सोमवार की शाम हुई लूट की घटना में पुलिस ने फ्रेंचाइजी संचालक के तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
नगरा थाना क्षेत्र के सिसवार निवासी मुन्ना सिंह की मलप हरसेनपुर चट्टी पर भारतीय स्टेट बैंक की फ्रेंचाइजी है। मुन्ना सिंह सोमवार को बैंक में पैसा लेने आए थे, लेकिन बैंक से पैसा नहीं मिलने पर एक पेट्रोल पंप से डेढ़ लाख रुपए लेकर बैग में रख लिए और बाइक से घर जा रहे थे। बैग में रुपये के अलावा लैपटॉप, स्केनर था। अभी वे नगरा रसड़ा मार्ग पर टांडी के समीप ही पहुंचे थे कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाश उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिए तथा असलहा दिखाकर उनका बैग और मोबाइल लूट कर फरार हो गए। फ्रेंचाइजी संचालक थाने पहुंचकर पुलिस को लूट की जानकारी दी। देररात तक व्यस्त रहने वाले मार्ग पर सायंकाल हुई लूट की घटना से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए हवा में हाथ पैर चलाई लेकिन सफलता नहीं मिली। फ्रेंचाइजी संचालक की तहरीर पर पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना के पर्दाफाश में जुटी है।