भीमपुरा। तस्करी के लिए पशुओं को पिकअप से लेकर जा रहे पशु तस्करों को रोकने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया, जिस पर पुलिस ने साहस दिखाते हुए न सिर्फ वाहन को कब्जे में लिया, बल्कि एक पशु तस्कर को हथियार के साथ दबोच भी लिया। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया है।
भीमपुरा थाना के एसआई श्यामजीत यादव अपने हमराही दयाशंकर पाठक के साथ चरौवां से आ रहे थे, उसी समय पूरा चट्टी की तरफ से मालीपुर की तरफ जा रही पिकअप को पुलिस ने रोका। पशु तस्कर पुलिस से हाथा पाई करने लगा। पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया तो पशु तस्कर फायर करने लगे। पुलिस ने साहस दिखाते हुए एक तस्कर को धर दबोचा। उसके पास से एक 315 बोर का असलहा, दो जिंदा कारतूस एक खोखा बरामद किया तथा साथ ही पिकअप में लदे एक गाय व चार बछड़े के साथ एक बाइक भी बरामद की गई। पकड़े गया युवक खुद को चरौवां निवासी त्रिलोकी प्रसाद राजभर बताया तथा गांव के ही दो और लोगों को इस रैकेट में होने की बात स्वीकारी। पुलिस ने पिकअप व बाइक को सीज कर दिया। घटना के दौरान दो तस्कर भागने में सफल हो गए।