सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के बंशीबाजार चट्टी से सोमवार को सब्जी बेचकर ठेला से घर जा रहे मां व बेटा को बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिसके बाद ठेला पर सवार मां, बेटा व बाइक चालक सड़क पर गिर कर तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सिकंदरपुर अविनाश सिंह ने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां इलाज के बाद ठेला चालक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के बघुड़ी गांव निवासी लाची देवी (36) पत्नी देवेंद्र तुरहा अपने पुत्र प्रदीप के साथ सोमवार को बंशी बाजार चट्टी से सब्जी बेचकर देर शाम दोनों ठेला पर बचा सामान लाद कर घर जा रहे थे। अभी वह चट्टी से कुछ ही दूर गए थे कि पीछे से आ रही बाइक ने ठेला में टक्कर मार दिया। जिससे बाइक सवार व ठेला पर बैठे दोनों घायल हो गए। घटना की सूचना जैसे ही थानाध्यक्ष सिकंदरपुर अविनाश सिंह को मिली, घटनास्थल पर पहुंच घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सिकंदरपुर भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने प्रदीप को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जीप की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल, दो गंभीर
दयाछपरा। एनएच -31 के दूबेछपरा ढाले के पास मंगलवार की शाम 05 बजे कमांडर जीप की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रुप से घायल हो गये। घायलों को 108 नं0 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा पहुंचाया गया, इनमें दो की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
बताया जाता है कि रेवती थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी अशोक पांडेय (40) व देवनाथ पांडेय (32) हल्दी थाना क्षेत्र के बलिहार निवासी सुनील भर (30) के साथ एक ही बाइक से बैरिया से बाजार कर वापस घर आ रहे थे। इसी बीच दूबेछपरा ढाले के पास बलिया से सवारी लेकर बैरिया जा रही तेज रफ्तार कमांडर ने बाइक मे जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों युवक गम्भीर रुप से घायल हो गये। मौजूद लोगों ने सरकारी एम्बुलेंस के साथ ही परिजनों को सूचना दी। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा पर चल रहा है, जहां अशोक व सुनील की स्थिति नाजुक बनी हुई है।