नगरा। नगरा बाजार में रविवार की सुबह मनबढ़ों ने वकील पर रॉड से हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। बचाव में आए शिक्षक भाई को भी रॉड से मारकर हाथ तोड़ दिया। वकील ने थाने में तहरीर दी है। इस घटना को लेकर तहसील के वकीलों में आक्रोश है। घटना की जानकारी होते ही एक दर्जन वकील नगरा पहुंचकर वकील का हाल चाल लिए तथा पुलिस से मनबढ़ों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।
थाना क्षेत्र के पड़री निवासी एडवोकेट सुनील कुमार श्रीवास्तव गांव से नगरा बाजार किसी काम से आए थे। इसी बीच बाजार में ही मनबढ़ युवक ने किसी बात को लेकर नोंकझोक शुरू कर दिया। देखते ही देखते युवक और उसके साथ के लोगों ने हमला बोल दिया। अन्य कारोबारियों ने बीच बचाव किया। इसकी जानकारी वकील के शिक्षक भाई अजय को मिली तो वकील के पास पहुंचते ही शिक्षक को युवक ने रॉड से हमला कर उसका बांह तोड़ दिया। वकील ने पुलिस को घटना की जानकारी दे दी है। वहीं घायल वकील व शिक्षक का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पर हुआ, जहां शिक्षक की स्थिति गम्भीर देख चिकित्सक ने बलिया के लिए रेफर कर दिया।