शादाब ने अपनी साली के साथ मिलकर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारा था। रविवार को कोतवाली सितारगंज में सीओ हिमांशु जोशी ने वारदात का खुलासा कर दिया। इस मामले में क्षेत्र के कठंगरी निवासी रियाज अहमद पुत्र अब्दुल वहीद ने पुलिस को तहरीर देकर अपने दामाद शादाब निवासी नई बस्ती किच्छा पर पुत्री को जहर देकर मारने का आरोप लगाया था। इसके बाद से पुलिस जांच कर रही थी।
सीओ ने बताया कि आरोपी शादाब और उसकी साली ने योजना बनाकर यासमीन की हत्या की थी। बताया कि यासमीन की बहन के साथ शादाब के अवैध संबंध थे। जिसका पता मृतका यासमीन को लग चुका था। इसी वजह से दोनों ने मिलकर यासमीन की हत्या कर दी। बताया कि शादाब अपनी पत्नी को ससुराल कठंगरी छोड़ने आया और दूसरे दिन घर में दोबारा मिलने के बहाने पहुंच गया। आरोपी ने साली के साथ मिलकर पूरे परिवार के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं, जब सब लोग सो गए तो यासमीन की गला दबाकर उसकी बहन ने हत्या कर दी।
सीओ हिमांशु शाह ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल संजय कुमार, एसएसआई मदन मोहन जोशी, एसआई रश्मि रावत, कांस्टेबल केशव लाल, नरेंद्र यादव, कमलनाथ गोस्वामी, राधा गोस्वामी शामिल रहे।
जीजा-साली के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी यासमीन को
सितारगंज। आरोपी शादाब की शादी यासमीन से वर्ष 2014 में हुई थी। पुलिस के अनुसार शादी के आठ माह बाद ही जीजा और साली में शारीरिक संबंध बन गए थे। पुलिस बताया कि जीजा साली इस दौरान नानकमत्ता और काठगोदम के होटल में भी रहे, जिसकी खबर मृतका यासमीन को हो गई थी।
भांजे और भांजी से छीना मां का आंचल
सितारगंज। वारदात के दिन जब परिजनों को यासमीन मृत अवस्था में मिली तब उन्हें जरा भी यकीन नहीं था कि छोटी बहन ने ही उसकी हत्या की होगी। यासमीन का 11 माह का बेटा और चार साल की बेटी हैं। उन्हें नहीं पता, जिसे वह मौसी पुकारते हैं वही उनकी मां का आंचल उनसे छीन लेगी।
हत्या के बाद फोन पर चैट करते रहे जीजा-साली
सितारगंज। बड़ी बहन यासमीन की हत्या करने के बाद पूरी रात जीजा साली फोन पर चैट करते रहे। उसने ही शादाब को काम पूरा होने की जानकारी दी। इसके बाद शादाब के कहने पर उसने फोन को झाड़ियों में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।