जयप्रकाशनगर। बैरिया थाना क्षेत्र के दलजीत टोला (जयप्रकाशनगर) गाव स्थित काली मंदिर पर गुरुवार की देर शाम चल रहे प्रवचन के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों की माने तो गांव का ही एक व्यक्ति शराब के नशे में काली मंदिर पहुंचा और प्रवचन कर रहे प्रवचनकर्ता शक्ति पुत्र महराज के सामने जाकर अभद्र व्यवहार करने लगा। प्रवचन में उपस्थित ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध किया गया तो वह युवक तो चला गया। लेकिन कुछ देर बाद ही गांव के ही पांच-छह की संख्या में लाठी डंडे लेकर युवक पहुंचे और प्रवचन स्थल पर कुछ लोगों मारना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों तरफ से लाठियां चलने लगी और प्रवचन स्थल पर भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई महिलाएं और बच्चे जहां-तहां गिर गए। इस मारपीट में दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए। इसमें प्रथम पक्ष के बच्चालाल सिंह (65), शोभनाथ सिंह (67), प्रदीप कुमार सिंह (32), विनोद सिंह (40) व द्वितीय पक्ष से आशीष कुमार सिंह (22), अनुराग सिंह (16) हैं। सभी घायलों को ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। किसी पक्ष की ओर से अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।