गड़वार। गड़वार थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित एक विद्यालय से टूर के दौरान लापता हुई 10वीं की छात्रा की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार पुलिस कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की पिता की तहरीर पर गोंडा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गड़वार बाजार के एक विद्यालय से तीन दिसंबर को 39 छात्राओं का ग्रुप टूर के लिए लखनऊ गया था। स्कूल टूर लौटने के बाद छात्रा जब घर नहीं पहुंची तो परिवार वालों ने अपहरण की तहरीर दी।
छात्रा के पिता ने स्कूल प्रबंधन के विरूद्घ अपहरण की आशंका जताते हुए तहरीर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बहला फुसलाकर व अपहरण करने का मुकदमा अज्ञात पर दर्ज कर छानबीन में जुट गई। घटना के अगले दिन पुलिस ने थाना क्षेत्र के ही एक स्थान से छात्रा व गोंडा जिले के कर्नलगंज थाने के बालपुर हजारी निवासी मोहन मिश्रा व इसी गांव के अनमोल रस्तोगी पुत्र नकछेदी को गिरफ्तार कर थाने लाई।
छात्रा को कागजी कोरम पूरा कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद छात्रा का मेडिकल मुआयना कराया। जिसके रिपोर्ट के आने का पुलिस इंतजार कर रही है। इस बाबत गड़वार एसओ संजय त्रिपाठी ने बताया कि पहले तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शेष मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।