जयप्रकाशनगर। अवैध लाल बालू को उप्र व बिहार राज्य के पुलिस कर्मियों व खनन विभाग ने मिलकर बीएसटी बांध सहित सिताबदियारा और जयप्रकाशनगर क्षेत्र में शुक्रवार को लाल बालू को नष्ट कराया। इस दौरान बैरिया थानाध्यक्ष गगन राज सिंह ,चौकी इंचार्ज चाँददीयर मायापति पांडेय, बिहार राज्य के छपरा जिले के रिविलगंज के थाना प्रभारी मुन्ना कुमार, छपरा जिले खनन अधिकारी जयप्रकाश व महिला फोर्स तथा जेसीबी के साथ पहुंचे। इस संयुक्त टीम ने अवैध तरीके से बीएसटी बांध पर रखे सैकड़ों घन फीट अवैध लाल बालू को सड़क के किनारे जहां-तहाँ फेंककर नष्ट कर दिया। जयप्रकाशनगर पुलिस चौकी से लेकर चांददीयर पुलिस चौकी के बीच तथा सिताबदियारा आदि जगहों पर कुल करीब आठ किलोमीटर में जगह-जगह रखे गए लाल बालू को नष्ट किया गया। जिसको लेकर क्षेत्र के अवैध लाल बालू तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।