बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के जमुआ गोपालपुर गांव में 12 फरवरी को अधेड़ की हुई हत्या के मामले में अभी तक गुत्थी नहीं सुलझी है। वहीं आरोपी भी पुलिस गिरफ्त से कोसों दूर है। ऐसे में पीड़ित परिवार न्याय के लिए टकटकी लगाए हुए है। लेकिन पुलिस अभी उदासीन बनी हुई है।
मालूम हो कि शहर कोतवाली क्षेत्र के जमुआ गोपालपुर गांव निवासी श्रीराम यादव प्रतिदिन की भांति भोजन कर घर से करीब 150 से 200 मीटर की दूरी पर दियारा स्थित अपने खेत में सोने चला गया। जहां 12 फरवरी 2017 की सुबह सो रहे स्थान से करीब चार सौ मीटर की दूरी पर गेहूं की फसल में किसान का शव मिला। इसकी जानकारी घर वालों को उस समय हुई, जब किसान करीब नौ बजे तक घर नहीं पहुंचा। तब उसके घर वाले उसे ढूंढते हुए दियारा खेत पहुंचेे, जहां सोने वाले स्थान से करीब चार सौ मीटर की दूरी पर उसका शव देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तत्कालीन एसपी, एएसपी, सीओ सिटी, कोतवाल, डाग स्क्वॉयड व फोरेंसिक टीम पहुंच गई थी। किसान के गले पर रस्सी से गला दबाने का निशान था। इस मामले में पुलिस ने मृतक किसान के भाई के तहरीर पर चार आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया था। इसीबीच विस चुनाव आ जाने के कारण पुलिस शिथिल पड़ गई। जिससे आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इस बाबत सीओ सिटी हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस के गिरफ्त में होंगे।