कोतवाली क्षेत्र के रसड़ा-कासिमाबाद मार्ग के अखपुरा गांव के पास सोमवार
की शाम दो बाइक सवार नकाबपोश पांच हथियारबंद बदमाशों ने एफसीआई के सचिव से
तमंचे के बलपर एक लाख 35 हजार रुपया और मोबाइल लूट लिया। घटना को अंजाम
देकर बदमाश तमंचा लहराते हुए कासिमाबाद की ओर भाग निकले।
सूचना मिलते ही
पुलिस ने क्षेत्र के नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश में जुट गई। लेकिन देर
शाम तक पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित ने घटना की
तहरीर पुलिस को दे दी है।
गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर निवासी सुशील
सिंह रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रसड़ा-कासिमाबाद मार्ग स्थित सरदासपुर स्थित
एफसीआई के बीज गोदाम पर सचिव पद पर तैनात हैं।
सोमवार को बीज गोदाम पर
उन्होंने 326 बोरे बीज की बिक्री की। इसके बाद शाम करीब साढ़े तीन बजे बीज
गोदाम को बंद बीज के ब्रिकी का पैसा जमा करने के लिए बाइक पर सवार हो रसड़ा
कसबा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जा रहे थे। अभी रसड़ा-कासिमाबाद मार्ग
स्थित अखनपुरा के पास पहुंचे थे।
इसी बीच दो बाइक पर सवार नकाबपोश पांच
हथियारबंद बदमाश पहुचें और असलहा सटा कर सचिव के बाइक को रोकवा दिया। इस
दौरान सचिव को धमकाते हुए बदमाशों ने उसके पास से 326 बोरी के बीज के
बिक्री का और उसका निजी का 15 हजार रुपया सहित कुल 135 हजार और दो मोबाइल
लूट लिया।
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए
कासिमाबाद की ओर भाग निकले। घटना की सूचना पीड़ित सचिव ने रसड़ा कोतवाली
को दी। सूचना मिलते ही रसड़ा सीओ श्रीराम और कोतवाल पीके मिश्र ने क्षेत्र
की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी
देर शाम तक बदमाशों का कहीं सुराग नहीं मिल सका था।
घटना की तहरीर पीड़ित
सचिव ने पुलिस को सौंप दी है। इस बाबत सीओ रसड़ा श्रीराम ने बताया कि लूट
की घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने क्षेत्र की नाकेंबंदी कर बदमाशों की
तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही लूट के आरोपी पुलिस के गिरफ्त में होंगे।
मामले में पीड़ित ने तहरीर दे दी है। जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आगे की
कार्रवाई की जाएगी।