बलिया। शहर कोतवाली पुलिस ने राजेंद्र नगर मुहल्ले से देहव्यापार में धकेली गई एक किशोरी को बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने एक महिला को भी हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। किशोरी बिहार प्रांत की बताई जा रही है। बरामदगी की कार्रवाई न्यायपीठ बाल कल्याण समिति की पहल पर एसपी के निर्देश पर की गई। न्यायपीठ बाल कल्याण समिति को एक कॉलर ने सूचना दी कि एक किशोरी से देह व्यापार कराया जा रहा है। लड़की बिहार राज्य की रहने वाली है। कॉलर की निशानदेही पर समिति के अध्यक्ष प्रशांत पांडेय व न्यायिक सदस्य राजू सिंह ने पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा से बुधवार को मुलाकात कर उन्हें जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट नागेंद्र प्रताप सिंह, सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह, कोतवाल विपिन सिंह, महिला थानाध्यक्ष सरोज यादव, चौकी इंचार्ज बिचलाघाट रोशन राकेश सिंह के साथ समिति अध्यक्ष प्रशांत पांडेय व सदस्य राजू सिंह ने रेस्क्यू कर किशोरी को बरामद किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वहीं सरगना महिला को भी हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में उसका चालान किया गया। पुलिस ने बरामद किशोरी को बालिका गृह निधरिया भेज दिया। पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने बताया कि कुछ और लोगों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ की जा रही है।