नवानगर/सिकंदरपुर। क्षेत्र के सिवानकला गांव में बृहस्पतिवार की सुबह ईंट भट्ठे के समीप स्थित पेड़ पर एक वृद्ध का लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। खबर फैली तो ग्रामीण जुट गए। सूचना पर पहंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। गांव निवासी दुधनाथ राम (55) सुखपुरा कस्बा में किराए पर दुकान लेकर रजाई-गद्दा बनाने का काम करता था। वहीं परिवार के साथ रहता भी था। वह अक्सर गांव माता-पिता से मिलने जाया करता था। पिता ने बताया कि दूधनाथ बुधवार की शाम गांव गए थे। रात में उन्होंने साथ में भोजन भी किया और बगल में स्थित दूसरे मकान में सोने चले गये। बृहस्पतिवार सुबह जब वह मिलने नहीं पहुंचे तो पिता पूर्णवासी ढूंढ़ते हुए मकान पर पहुंचे, लेकिन वहां भी दूधनाथ नही मिले। उधर, शौच के लिए गए ग्रामीणों ने पेड़ से लटकता शव देखकर शोर मचाया। ग्रामीणों के साथ पूर्णवासी भी मौके पर पहुंचे और बेटे का शव देख बिलख पड़े। सूचना पर पहंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा और परिजनों से जानकारी हासिल की। पूछताछ में पूर्णवासी ने रोते-रोते कहा कि मैं किसी को छोडूंगा नहीं। मैं सारी बातें आप लोगों से थाने पर बताऊंगा। प्रभारी निरीक्षक थाना सिकंदरपुर बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मृतक के पिता की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही तथ्यों का सही पता लग पाएगा।