रसड़ा। क्षेत्र के नागपुर गांव में बुधवार की सुबह जमीन विवाद के पंचायत में जमकर लाठियां चटकीं। जिसमें दो महिला समेत 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जिसमें तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। एक जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। उसी जमीन को लेकर पंचायत की जा रही थी। पंचायत में ही वाद विवाद हो गया और दोनों पक्षों में लाठियां चलने लगीं। जिसमें एक पक्ष से रीता देवी (40), कमलेश (26), शंकर यादव (13), अखिलेश यादव (19), आशा देवी (60) तथा दूसरे पक्ष से नरसिंग यादव (40), राहुल यादव (20), मन्नो (22), राजेश्वर (25) तथा दिनेश (44) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जिसमे नरसिंग यादव राहुल यादव रीता देवी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। पुलिस दोनो पक्षों की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।