सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के लीलकर गांव में मंगलवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव घर में पड़े होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने चली गई। वहीं घटना की जानकारी मृतका के पिता को भी दी। बुधवार की सुबह पीड़िता के पिता के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी ओर मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग घर में ताला बंद कर फरार हो गए। थाना क्षेत्र के लीलकर गांव निवासी अमरजीत बिंद पुत्र राजेंद्र बिंद की शादी 2019 में सीमा (22) पुत्री रमाकांत निषाद निवासी राजू भाई रुद्रपुर, देवरिया के साथ हुई थी। इनकी छह माह की एक पुत्री भी है। लोगों की माने तो मृतका का पति अमरजीत गांव पर ही रहता था और उसके साथ उसकी मां दुर्गावती, छोटी बहन कंचन, छोटीया रहती थी। दो बहनों की शादी पहले ही हो चुकी है। अमरजीत का पिता राजेंद्र बिंद बंगलूरू में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। गांव के लोगों के अनुसार अक्सर इनके परिवार में झगड़ा होता रहता था, लेकिन मंगलवार की शाम घर में सन्नाटा छाया हुआ था। जिसके बाद लोगों को शंका हुई। धीरे-धीरे यह बात पूरे गांव में फैल गई और इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच पड़ताल की तो विवाहिता का शव घर में पड़ा हुआ था। घर के सभी सदस्य वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने शव को मंगलवार की शाम को ही थाने लेकर चली आई और मृतका के पिता को घटना की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो चुके हैं। मृतका के पिता के द्वारा अगर तहरीर दी जाती है तो उस आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।