बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के दिउली गांव में सोमवार की रात आई बरात में शामिल कुछ लोगों से अराजकतत्वों ने विवाद कर लिया। बात मारपीट तक पहुंच गई। जिसमें दूल्हे के भाई सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो घंटे तक जनवासे में मनोरंजन कार्यक्रम बंद हो गए। वहीं मंडप में बैठा दूल्हा भी जनवासे में पहुंच गया और शादी से इंकार करने लगा। ग्रामीणों और पहुंची पुसिस ने मामले को शांत कराया। तब जाकर शादी संपन्न हुई। रेवती थाना क्षेत्र के महादनपुर नई बस्ती इंद्रपुर निवासी प्रहलाद पटेल की शादी दिउली गांव निवासी विक्रमा पटेल की पुत्री अंजनी पटेल के साथ तय थी। बरात छाता गांव से सोमवार को दिउली पहुंची। मध्य रात्रि कुछ युवक नशे की हालत में बाइक चलाते हुए शामियाना के पास खड़े बरातियों से टकराकर गिर गए। बरातियों ने उन्हें संभाला। जब तक लोग कुछ समझते अराजकतत्व बरातियों से मारपीट करने लगे। जिसमें दूल्हे के भाई कृष्णा पटेल (20) घायल हो गया। जबकि मनियर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी सुशील पटेल (41), बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर पिपरपाती गांव निवासी हरिशंकर पटेल (42), रेवती थाना क्षेत्र के महादनपुर निवासी जगदीश पटेल (65) एवं प्रदीप पटेल (52) भी घायल हुए। किसी ने 112 नंबर डायल कर पुलिस बुला दिया। पुलिस ने मामला शांत कराते हुए शादी संपन्न कराई।