बेल्थरारोड। नगर से सटे पूर्वांचल रोड स्थित एक प्राइवेट नर्सिगिं होम में मंगलवार की रात प्रसव के दौरान ऑपरेशन से जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नर्सिगिं होम पहुंच विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद नर्सिगिं होम संचालक ताला बंद कर फरार हो गया।
बताया जाता है कि पूर्वांचल रोड पर एक नर्सिगिं होम स्थित है। मंगलवार की रात क्षेत्र के शाहपुर अफगा की आशा बहू कंचन ने प्रसव के लिए ग्राम निवासिनी अनीता (35) पत्नी हरिकेश राजभर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां गंभीर स्थिति के चलते चिकित्सकों ने महिला को रेफर कर दिया। इस बीच आशा कंचन ने प्रसव पीड़ा से जूझ रही अनिता को एक प्राइवेट नर्सिगिं होम में भर्ती कराया, जहां प्रसव के दौरान ऑपरेशन करते समय जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत के बाद नर्सिगिं होम द्वारा उसे रेफर कर दिया गया, जबकि इसके पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत के लिए नर्सिगिं होम के चिकित्सकों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए ग्रामीण आक्रोशित हो उठे तथा नर्सिगिं होम पर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह, चौकी प्रभारी देवेंद्र नाथ मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए बलिया भेज दिया।