बलिया/ बैरिया/ जय प्रकाशनगर। बैरिया थाना क्षेत्र के बकुल्हा-मांझी रेलवे ट्रैक पर 17 नवंबर को मिली अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त प्रीति यादव (20) के रूप में हुई। शव मिलने के सातवें दिन सोमवार को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए चचेरे भाई आर्या यादव को गिरफ्तार किया, दूसरे आरोपी चाचा अशोक यादव की तलाश पुलिस कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि प्रीति ने अपने प्रेमी से शादी कर ली थी। इससे नाराज होकर चचेरे भाई ने चाचा के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
एएसपी ने बताया कि प्रीति यादव निवासी टोला फतेराय भगवानपुर गांव निवासी दूर के रिश्तेदार अभिषेक यादव से प्यार करती थी। 23 सितंबर को घर से भाग कर प्रीति ने अभिषेक से शादी की और मनेसर चली गई।
कुछ दिन बीतने के बाद प्रीति के चाचा अशोक यादव (50) व भाई आर्या यादव (19) प्रेमी अभिषेक के पिता सुनील यादव से मिले और समाज की प्रतिष्ठा का हवाला देते हुए दोनों की शादी रीति रिवाज के साथ करने का भरोसा देकर दोनों को बुलवाने के लिए कहा।
सुनील यादव के भरोसे पर अभिषेक 14 नवंबर को प्रीति के साथ घर पहुंचा। 16 नवंबर को प्रीति को उसके परिजनों को प्राथमिक विद्यालय टोला फतेह राय के पास सौंप दिया।
एएसपी कृपाशंकर ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि स्कूल में सौंपे जाने के बाद प्रीति घर जाने के लिए तैयार नहीं थी। इससे झगड़ा भी हुआ था। इससे गुस्से में आकर गला दबाकर हत्या कर दी। अशोक यादव ने प्रीति के पैर पकड़े थे। हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए प्रीति के शव को बाइक से ले जाकर रेलवे ट्रैक पर ले गए। वहां, चाकू से गर्दन को काटकर ट्रैक के बीच फेंक दिया और शरीर के नीचे का कपड़े छोड़कर बाकी कपड़े उतार दिए।
आधार कार्ड से आरोपियों तक पहुंची पुलिस : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई। ट्रैक पर मिले धड़ के बाद सिर की तलाश में रेलवे ट्रैक किनारे खोजबीन शुरू कर दी। इसी दौरान झाड़ी में जहां शव था, उसके पास आधार कार्ड व कपड़े मिले। आधार कार्ड से पुलिस उसके घर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की।
एएसपी ने बताया कि कड़ाई से पूछताछ में चचेरा भाई ने पूरी कहानी बयां कर दी। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। सिर की तलाश चार-पांच घंटा करने के बाद भी सफलता नहीं मिली।
पुलिस द्वारा पकड़ा गया हत्यारोपी युवक पिंटू।