हरपुर मिड्ढी गांव की घटना, कमरे में मिले दोनों के शव
- फोटो : Demo
बलिया कोतवाली क्षेत्र के हरपुर मिड्ढी गांव के एक घर में शुक्रवार की सुबह नवदंपती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के पिता रामवृक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शवों को निकाला व पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी ने भी मौके पर जा कर जांच पड़ताल की। जानकारी होते ही वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई थी। उधर, मृतका के मायकेवाले भी घटना की जानकारी होते ही पहुंच गए। देर शाम तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली थी।
हरपुर मिड्ढी गांव के रामवृक्ष गोंड के पुत्र जितेंद्र (25) की शादी 24 नवंबर 2016 को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के मुंडेरा निवासी लक्ष्मी (22) के साथ हुई थी। परिवारवालों के मुताबिक शादी के बाद सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था।
शुक्रवार की सुबह काफी देर बाद भी पति-पत्नी नहीं जगे तो परिवारवालों ने उन्हें आवाज देकर जगाने की कोशिश पर कमरे के अंदर से कोई आहट नहीं मिलने पर आशंकावश रामवृक्ष ने पुलिस को सूचना दी।
सीओ सिटी केसी सिंह, कोतवाल अतुल सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़ा तो पति-पत्नी मृत पड़े थे। मृतका के मुंह से झाग निकला था व पास में छोटी रस्सी पड़ी थी, जबकि उसके पति के गले में साड़ी लिपटी हुई थी।
पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों मौतों को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थी। पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह ने कहा कि किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कोई मामला सामने आता है पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई करेगी।