बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में बीबीए का नवीन पाठ्यक्रम शुरू हुआ है। इसके लिए पंजीकरण तथा आवेदन पत्र चार सितंबर से ऑनलाइन भरे जा रहे थे। कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रवेश के लिए इच्छुक विद्यार्थियों की काउंसिलिंग मंगलवार से प्रारंभ की गई।
प्रवेश प्रभारी डाॅ. प्रियंका सिंह सह आचार्य, समाजशास्त्र, समन्वयक डाॅ. विजय शंकर पाण्डेय सहायक आचार्य, कामर्स के साथ डाॅ. विनीत सिंह सह आचार्य, कामर्स, डाॅ. गुंजन कुमार सहायक आचार्य, अर्थशास्त्र एवं डाॅ. प्रज्ञा बौद्ध सहायक आचार्य, अर्थशास्त्र की टीम ने विद्यार्थियों के साथ बातचीत कर उचित सलाह एवं निर्देश दिया। काउंसिलिंग विद्यार्थियों को पंजीकरण एवं आवेदनपत्र के साथ सभी आवश्यक प्रमाणपत्र विवि परिसर में किसी कार्यदिवस में उपस्थित होकर संपन्न करानी होगी। काउंसिलिंग के बाद ही प्रवेश शुल्क जमा होगा और तभी प्रवेश होगा।