बलिया। विद्युत निगम की ओर से चलाई जा रही ओटीएस योजना का लाभ बकायेदार नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद भी राजस्व वसूली का ग्राफ नहीं बढ़ रहा है। आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में 226075 कनेक्शनधारियों पर 440 करोड़ का बकाया है।
बकाया बिल का ब्याज माफ कर धनराशि जमा करने के लिए सरकार ने तीन चरण में ओटीएस योजना का संचालन किया। ओटीएस की सुविधा 28 फरवरी तक ही है। अब तक 55588 बकायेदारों ने ओटीएस में पंजीयन कराया है। इनसे 39.44 करोड़ की राजस्व वसूली की गई है। जो कुल बकाया का 8.9 प्रतिशत है। इस दौरान चार हजार से अधिक बकायेदारों के कनेक्शन भी काटे गए हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि पहली बार कनेक्शन लेकर बिल जमा न करने वाले भी ओटीएस योजना में शामिल नहीं हुए। विभाग की तरफ से ओटीएस शुरू होने पर सबसे पहले इस तरह के 97 हजार उपभोक्ताओं से फोन से संपर्क किया गया था। साथ ही नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी इस तरह के उपभोक्ताओं पर कोई असर नहीं पड़ा। अधीक्षण अभियंता लाल सिंह ने कहा कि ओटीएस योजना में कम समय बचा है। बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए अधिशासी अभियंता, एसडीओ व जेई को भी लक्ष्य दिया गया है।