बलिया। जिला अस्पताल व महिला अस्पताल में मंगलवार को दोपहर में ही कोरोना का टीका खत्म हो गया। इसके चलते कोविड का टीका लगवाने पहुंचे लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा जो बुधवार को भी जारी रहा।
शासन की गाइडलाइन के तहत 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का कोरोना का टीका लगाया जा रहा। इसे लेकर लोगों में उत्सुकता है और महिला-पुरुष अस्पतालों में पहुंचकर टीका लगवा रहे हैं। नगर समेत ग्रामीण अंचलों से लोग टीका लगवाने के लिए जिला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय में पहुंच रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल एवं जिला महिला अस्पताल में लोग वैक्सीनेशन के लिए पहुंचे थे लेकिन एक बजे तक टीका लगाया गया, उसके बाद कर्मचारियों ने वैक्सीन खत्म होने की बात कहकर लोगों को वापस कर दिया। जबकि बुधवार को भी सुबह से टीका लगवाने के लिए लोग अस्पताल का चक्कर काटते रहे। इस बाबत एसीएमओ डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने बताया कि वैक्सीन समाप्त हो गई और प्रदेश मुख्यालय को डिमांड भेजा गया है। उम्मीद है एक-दो दिन में वैक्सीन प्राप्त हो जाएगी। नगर के बेदुआ व काजीपुरा मोहल्ले में टीकाकरण जारी है।