बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालयों की कार्यप्रणाली तथा विभागीय कामकाज की स्थिति देखी। निरीक्षण में सहकारिता विभाग के अधिकारी अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने और शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान प्रांतीय पीआरडी कार्यालय पहुंचकर आगामी चुनाव के मद्देनजर पीआरडी जवानों की तैनाती और उपलब्धता की तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव के दौरान जरूरत के मुताबिक जवानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पहले से ही सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि ऐन वक्त पर किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद