नरही। क्षेत्र के बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत संविदाकर्मी लाइनमैन मंगलवार की सुबह एचटी लाइन के संपर्क में आने से करंट लगने से झुलस गया। आसपास के ग्रामीणों ने झुलसे लाइनमैन को इलाज के लिए सीएचसी नरही पहुंचाया। अमांव गांव निवासी असगर अली (40) बसंतपुर विद्युत सब स्टेशन पर बतौर संविदा लाइनमैन का काम करता है। मंगलवार की सुबह सोहांव गांव के बाहर खराब लाइन को ठीक करने के लिए विद्युत उपकेंद्र बसंतपुर से शट डाउन लेकर एलटी लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा था कि पास ही गुजर रहे एचटी तार से संपर्क होने से झुलस कर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। नीचे खड़े दूसरा लाइन मैन विक्रांत रंजन यादव के शोर मचाने पर ग्रामीण पहुंचे और घायल लाइन मैन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही पहुंचाया जहां इलाज चल रहा है।