बलिया। भारत सरकार ने जिले के गरीबों को छत मुहैया कराने के लिए इस वर्ष के लक्ष्य में लगातार बढ़ोतरी की है। प्रथम चरण में निर्धारित लक्ष्य 5307 के अतिरिक्त 16738 और आवास जिले में बनेंगे। इससे अधिकांश गरीबों को छत मिलना आसान होगा। विभागीय अधिकारियों ने आवास के आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली है और सोमवार को 2924 लाभार्थियों को बतौर पहली किस्त 11.69 करोड़ जारी किया।
वर्ष 2022-23 में पीएम आवास के लक्ष्य को लेकर लंबा इंतजार रहा। इस वर्ष देर से ग्राम पंचायतों को भारत सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास का लक्ष्य उपलब्ध कराया गया। पीएम आवास के लक्ष्य का निर्धारण भारत सरकार की ओर से सीधे ग्राम पंचायतों को किया जाता है और लक्ष्य सीधे संबंधित ब्लॉक के बीडीओ की लॉगिन पर पहुंचता है। करीब दो माह पूर्व पहले चरण में कुल 5307 आवास का लक्ष्य जिले को मिला। इसके बाद से लगातार लक्ष्य में बढ़ोतरी होती गई। वर्तमान में कुल 22045 आवास का लक्ष्य जिले के ग्राम पंचायतों को मिला है। इन आवासों के निर्माण पर निर्माण पर कुल 297.60 करोड़ की धनराशि खर्च होगी।
भारत सरकार की ओर से लक्ष्य निर्धारण के सापेक्ष जिला ग्राम्य अभिकरण ने सेक डाटा में शामिल पात्रों के चयन की कार्रवाई पूरी कर ली। अब विभाग ने आवास निर्माण को लेकर पहली किस्त जारी करना शुरू कर दिया है। सोमवार तक कुल 2924 लाभार्थियों के खाते में 11 करोड़ 69 लाख 60 हजार की धनराशि बतौर पहली किस्त पहुंच चुकी थी। डीआरडीए के पीडी के अनुसार आवास निर्माण को लेकर सभी बीडीओ व संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने व कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। यह भी बताया कि लाभार्थियों को मनरेगा से मजदूरी देने के लिए मस्टर रोल भी जारी किया जा रहा है।
आधार बेस्ड खाते में ही पहुंचेगी धनराशि
पीएम आवास योजना के तहत इस वर्ष भुगतान की प्रक्रिया में भी शासन की ओर से बदलाव किया गया है। लाभार्थियों के आधार बेस्ड खाते में ही आवास की किस्त भेजने का प्रावधान है। पीएफएमएस सर्वर पर आधार वेरिफाइड होने के बाद ही किस्त खाते में पहुंचेगी।
प्रधानमंत्री आवास के लक्ष्य में लगातार बढ़ोतरी हुई है। अब तक 2924 लाभार्थियों को पहली किस्त जारी किया जा चुकी है। सभी बीडीओ व ग्राम पंचायत अधिकारियों ने लगातार मॉनीटरिंग कर आवास निर्माण का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। - उमेश मणि त्रिपाठी, पीडी, डीआरडीए, बलिया।