विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन के बाद गुरुवार को पूरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर में नाम वापसी की वजह से गहमागहमी बनी रही।
चुनाव मैदान में मजबूत माने जा रहे कांग्रेस उम्मीदवार नटवर गोयल सहित तीन उम्मीदवारों ने गुरुवार को नामांकन पत्र वापस लेकर चर्चाओं का बाजार गरम कर दिया। उधर अधिवक्ता मदन वर्मा ने बुधवार को ही नामांकन वापस ले लिया था।
हालांकि पहले से ही चर्चाएं थीं कि अगर नटवर गोयल मैदान से हटते है कि तो और कई लोग पीछे हट जाएंगे। हुआ भी ऐसा ही। गुरुवार को दोपहर बाद महिला उम्मीदवार लालमुनि और श्याम नारायण ने भी अपना पर्चा वापस कर सबको चौंका दिया।
दोपहर बाद वैश्य नटवर गोयल ने नामांकन पत्र वापस लेकर सभी के द्वारा लगाए जा रहे कयासों को सही करार दिया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में पूरे दिन गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही।
नामांकन वापसी के समय जिलाधिकारी शरद कुमार सिंह तथा चुनाव प्रेक्षक हेमंत कुमार शर्मा कोर्ट में मौजूद रहे।कलेक्ट्रेट में पुलिस बल भी तैनात की गई थी। नटवर गोयल के नाम वापसी के बाद सपा के लोगों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। इन उम्मीदवारों के नाम वापसी के बाद भी भाजपा के अनूप ठाकुर पर सबकी निगाह टिकी हुई है।