फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: कन्फर्म टिकट फिर भी स्लीपर में जगह नहीं, 11 घंटे तक लेट पहुंचीं ट्रेनें

विज्ञापन
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारते और उसमें सवार होते यात्री।संवाद
विज्ञापन
बलिया। छठ पर्व पर घर लौटने के लिए महानगरों से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि कन्फर्म टिकट होने के बावजूद स्लीपर कोच में यात्रियों को सोने तक की जगह नहीं मिल रही है। 20 से 26 घंटे तक का सफर लोग जागकर, खड़े होकर या नीचे बैठकर पूरा करने को मजबूर हैं। जनरल कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं है। वहीं,रेलवे विभाग के एप एनटीईएस पर मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को बलिया स्टेशन से गुजरने वाली छह से अधिक ट्रेनें तीन से 11 घंटे तक विलंब से पहुंचीं। ट्रेनों की लेटलतीफी और बेतहाशा भीड़ ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
विज्ञापन

बुधवार को बलिया स्टेशन से गुजरने वाली 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस 11 घंटे, 04137 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस चार घंटे, 12669 चेन्नई-छपरा एक्सप्रेस पांच घंटे और 04096 आनंद विहार-पाटलिपुत्र स्पेशल तीन घंटे विलंब से पहुंचीं। इसके अलावा 04158 बरौनी-ग्वालियर स्पेशल, 11061 मुंबई-जयनगर एक्सप्रेस और 09065 सूरत-छपरा स्पेशल सहित अन्य ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं। कुछ ट्रेनों की देरी तीन से 11 घंटे तक रही। ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा। यात्री निवास और होल्डिंग एरिया में यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था रही। देर रात ट्रेन पहुंचने पर परिवार के साथ आए कई यात्रियों ने स्टेशन पर ही विश्राम किया और सुबह अपने घरों के लिए रवाना हुए।
खोरीपाकड़ निवासी दीपक कुमार ने बताया कि सूरत से कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण उन्हें किसी तरह जनरल कोच में गेट के पास जगह बनाकर यात्रा करनी पड़ी। पूरे सफर के दौरान खड़े रहना पड़ा और सोने तक का मौका नहीं मिला। कोच में इतनी भीड़ थी कि यात्री बाथरूम जाने से भी कतरा रहे थे। रास्ता बंद होने के कारण काफी परेशानी हुई। पंदह निवासी कमलेश राजभर ने बताया कि वह हर साल दीपावली के बाद छठ पर घर आते हैं, लेकिन इस बार ट्रेन में असाधारण भीड़ रही। कन्फर्म टिकट होने के बावजूद उन्हें सोने की जगह नहीं मिली और 26 घंटे का सफर जागकर पूरा करना पड़ा।
विज्ञापन

दूसरे यात्री जबरन सीटों पर बैठ जा रहे थे। सुरक्षा कर्मी यात्रियों को किसी तरह समझाकर सफर करने की सलाह देते रहे, जबकि भीड़ के कारण टीटीई भी कोच के भीतर नहीं पहुंच पा रहे थे। त्योहार के मद्देनजर रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन यात्रियों की संख्या के आगे ये इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। इससे पहले रेलवे की ओर से बलिया रूट पर 11 त्योहार विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। इसके बावजूद नियमित और स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ बनी हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें