खेजुरी। पकड़ी थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में पट्टाधारकों की अनुमति के बगैर तालाब से मछली निकाल लिया गया। पीड़ितों ने इसकी शिकायत एसडीएम से की है। ग्राम सभा पूर के मजरा जगदरा स्थित तालाब को मत्स्य पालन के लिए खेेजुरी निवासी दीनानाथ राम को वर्ष 2017 में 10 वर्ष के लिए पट्टा दिया गया था। लेकिन मंगलवार को दर्जनों की संख्या में पहुंचे लोगों ने मछली को निकाल लिया। इसके अलावा इसी ग्राम पंचायत के पूरवा धड़सरा में चार मई की देर शाम एक अन्य पट्टाधारक सोनापति राम की ओर से पोखरे में भी पाली गई मछली को निकाल लिया गया था। दोनों पट्टाधारकों ने इसकी शिकायत एसडीएम से की है। उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर अभय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों प्रकरण संज्ञान में है। मामले की जांच कराई जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।