बैरिया/रेवती/भीमपुरा। थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। राजस्व विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के नहीं आने से दर्जनों फरियादियों को वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने भूमि विवाद सहित राजस्व से संबंधित मामले के निस्तारण में असमर्थता जताई।
क्षेत्राधिकारी उस्मान की अध्यक्षता में बैरिया में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस से संबंधित तीन मामले सामने आए। दो मामलों का निस्तारण प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने मौके पर ही कर दिया। तीसरे मामले को जांच के लिए संबंधित उप निरीक्षक को सौंपा गया।
भूमि विवाद व राजस्व से संबंधित एक दर्जन से अधिक मामले आए। राजस्व विभाग का कोई भी नुमाइंदा समाधान दिवस पर मौजूद नहीं था। हालांकि पुलिस चाहती थी कि अगर लेखपाल भी आते तो मामलों का समाधान कराया जाता, लेकिन राजस्व विभाग का कोई कर्मचारी थाने पर नहीं पहुंचा।
क्षेत्राधिकारी ने भूमि विवाद व राजस्व से संबंधित फरियादियों को अगले सप्ताह तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर आने को कहा। एसएसओ धर्मवीर सिंह, चौकी इंचार्ज बैरिया अतुल कुमार मिश्र, चौकी इंचार्ज चांददियर गुरु प्रसाद सिंह मौजूद थे। यही स्थिति दोकटी थाने की भी रही। वहां भी राजस्व से संबंधित कोई कर्मचारी और अधिकारी थाने पर नहीं पहुंचा था। इस संदर्भ में उपजिलाधिकारी आत्रेय मिश्र ने बताया कि हम लोग ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के काम में व्यस्त हैं। लगातार छुट्टी के दिन भी इसके लिए काम हो रहा है।
रेवती थाने में एसएचओ की उपस्थिति में समाधान दिवस हुआ। कुल पांच मामले आए। सभी मामले राजस्व से संबंधित रहे। इनमें दो का निस्तारण किया गया। अन्य के लिए टीम रवाना किया गया। भीमपुरा थाना प्रांगण में शनिवार को उपजिलाधिकारी बेल्थरारोड दीप शिखा सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ।
कुल 12 मामले पंजीकृत किए गए। सभी मामले राजस्व विभाग के थे। इसमें तीन मामले का मौके पर निस्तारण हो सका। शेष राजस्व संबंधी सभी मामलों को एसडीएम ने नायब तहसीलदार अनिल यादव व लेखपालों को देकर निस्तारण के लिए मौके पर रवाना किया। कब्जा, सहन की जमीन में हिस्साकशी के मामले प्रमुख रहे। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार बलवीर सिंह, हरिकेश सिंह, राजेश सिंह, विनोद यादव, संजीव कुमार, राकेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।