बलिया। शहर के काजीपुरा सतनी सराय स्थित वाशिंग पिट के पास सोमवार की रात शराब पीने से मना करने पर शराबियों व उनके परिवार की महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। विरोध करने पर मोहल्ले वालों पर पथराव भी किया। हवाई फायरिंग भी की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर हंगामा करने वाले शराबी व उनके परिजन भाग गए।
पुलिस के अनुसार काजीपुरा मोहल्ले के कुछ युवक वाशिंग पिट के पास बैठकर शराब पी रहे थे। शाम को टहलने निकलीं मोहल्ले के महिलाओं ने उन्हें हटने के लिए कहा। शराब पीने वाले गाली गलौज करने लगे। सतनी सराय मोहल्लावासियों ने विरोध किया तो काजीपुरा के 15 से 20 युवक व महिलाएं हंगामा करने लगीं। मोहल्लेवालों पर पथराव कर दिया। इसी बीच एक व्यक्ति ने बंदूक से हवाई फायरिंग कर दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा।
सूचना पर डायल 112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस कोतवाली लेकर चली गई। इस बाबत कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि शराब पी रहे युवकों ने विरोध करने पर पथराव कर दिया। सतनी सराय निवासी एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग की थी। हालांकि इस बारे में अब तक किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस छानबीन कर कार्रवाई करेगी। वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।