बलिया। 78 सlधन सहकारी समितियों पर कामन सर्विस सेंटर की शुरुआत हो गई है। इससे किसानों के साथ ही ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा। कॉमन सर्विस सेंटर चालू होने से समितियाें का आय भी बढ़ने की उम्मीद है।
जिले में साधन सहकारी समितियां हाईटेक होने लगी हैं। इन पर कॉमन सर्विस सेंटर की शुरुआत हो गई है। सरकार समितियों को मजबूत करने के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही है। इन समितियों में से 17 पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। इससे बिजली पर निर्भरता भी खत्म हो जाएगी। जिले में 161 साधन सहकारी समितियां हैं। इन समितियों के माध्यम से किसानों को खरीफ व रबी के सीजन में खाद समेत अन्य सुविधाएं दी जाती हैं।
समितियों पर सीएससी के संचालन होने से ग्रामीणों व किसानों को अपने कार्य के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। सरकारी योजनाओं के पंजीयन, रुपये का लेनदेन, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा मिलेगी।
एआर लाल बहादुर मल्ल ने बताया कि 78 साधन सहकारी समितियाें पर कामन सर्विस सेंटर का कार्य चल रहा है। अन्य समितियों पर भी सीएचसी संचालित करने की योजना है। समितियां सुचारू रूप से संचालित हो रही है। कर्मचारियों को नियमित बैठने का निर्देश दिए गए हैं।