नगर के स्टेशन-चौक रोड स्थित जलाए गए अलाव तापते लोगों के साथ ठंड से निजात पाने के लिए खड़ा सांड
बलिया। जिले में शुक्रवार को शीतलहर का कहर जारी रहा। पूरे दिन शीतलहर व कोहरे के कारण भगवान भास्कर का दर्शन नहीं हो सके। बीते चार दिनों से गिरते तापमान और सर्द हवाओं के बीच लोग अलाव ताप रहे हैं। सड़क किनारे, फुटपाथों और खुले स्थानों पर जीवन गुजारने वाले गरीब, बेसहारा और कमजोर तबके के पास न तो पर्याप्त गर्म कपड़े हैं और न ही सर्दी से बचाव का कोई ठोस इंतजाम। मजबूरी में लोग अपने स्तर से लकड़ी, कूड़ा-कचरा या पुराने सामान जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। अलाव की लकड़ी के लिए नगर पालिका की ओर से टेंडर की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही।
पूर में भी शीतलहर ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। तापमान में लगातार गिरावट के चलते शाम ढलते ही बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण इलाकों के चट्टी-चौराहों पर रहने वाले लोगों को झेलनी पड़ रही है। फेफना में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था न होने से मजबूरन लोग कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।