रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खराब पड़ा कोच डिस्पले।संवाद
बलिया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या एक, दो व तीन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड खराब हो गया है। इससे ट्रेन आने पर यात्रियों को कोच खोजने के लिए भागदौड़ करनी पड़ रही है। प्लेटफाॅर्म संख्या चार को छोड़कर अन्य तीन प्लेटफाॅर्म के डिस्प्ले एक सप्ताह से खराब पड़े हैं। सात दिन से कोच डिस्प्ले बोर्ड में खराबी है। सोमवार की रात को प्लेटफॉर्म संख्या एक पर छपरा- गोमती नगर एक्सप्रेस आने की सूचना पर यात्री ट्रेन का इंतजार करने लगे।
ट्रेन प्लेटफाॅर्म पर पहुंची तो यात्री सामान लेकर आरक्षित बोगी की तरफ दौड़ने लगे। सागरपाली निवासी धनंजय सिंह ने कहा कोच डिस्प्ले खराब होने के कारण पिता को दूसरे बोगी में चढ़ाना पड़ा। मिश्र नेवरी निवासी अप्पू पांडेय ने बताया कि कोच खोजने के दौरान ट्रेन चल दी परिवार को मजबूरन दूसरे बोगी में बैठाया। उन्होंने एक्स के माध्यम से रेल मंत्रालय से कोच डिस्प्ले सही करवाने की मांग की।
इस बाबत स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह ने बताया कि कोच डिस्प्ले में तकनीकी फाॅल्ट की मरम्मत कराई जाएगी। यात्रियों को सुविधा को लेकर ट्रेन आने से पूर्व कोच की जानकारी अनाउंस के माध्यम से दी जाती है। संवाद