थाना क्षेत्र के साधन सहकारी समिति टेंगरही के चौकीदार की हत्या सोमवार की देर रात अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे से पीटकर कर दी। चौकीदार की पत्नी के तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना से गांव में सनसनी है।
टेंगरहीं स्थित साधन सहकारी समिति के चौकीदार प्रमोद कुमार सिंह (45) प्रतिदिन की तरह सोमवार को भी सहकारी समिति की रखवाली कर रहा था। रात में किसी समय अज्ञात बदमाश सहकारी समिति पर पहुंचे और लाठी-डंडे से हमलाकर चौकीदार को मौत के घाट उतार दिया। सहकारी समिति के आवास में ही चौकीदार परिवार सहित रहता था। चौकीदार की पत्नी तारा देवी अपनी पुत्री बूचन के साथ अंदर सो गई। मंगलवार की भोर में चौकीदार की पत्नी पूजा करने के लिए बाहर मंदिर में जा रही थी, इसी बीच उसकी नजर साधन सहकारी समिति के बरामदे में मृत पति पर पड़ी।
उसके रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। घटना स्थल का जायजा पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने भी लिया। उन्होंने बताया कि मृत चौकीदार की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जल्द ही हत्या का खुलासा हो जाएगा।