इंदरपुर। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के बसपा विधायक उमाशंकर सिंह ने सीएमओ पर आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के राजनीतिक दबाव के कारण रसड़ा सीएचसी को माॅडल अस्पताल बनने से रोकने की साजिश कर रहे हैं। यह राजनीति दबाव का ही नतीजा है कि मेरे खर्च से निर्मित होने जा रहे रसड़ा के माॅडल अस्पताल के लिए पहले एनओसी दी गई और दो दिन बाद ही सीएमओ ने उसे निरस्त भी कर दिया।
विधायक खनवर स्थित अपने आवास पर जनता दरबार में जनता की समस्याओं को सुनने के दौरान पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि विकास में बलिया को नंबर एक बनाया जाए, लेकिन कुछ नेता विकास कार्य करें या न करें दूसरे का पैर जरूर खींचते हैं। कहा कि रसड़ा सीएचसी को स्वयं के खर्च से माॅडल अस्पताल बनाने की दिशा में पहल शुरु की। काम अभी शुरू कराया था कि मुख्य चिकित्साधिकारी ने राजनीतिक दबाव में आकर एनओसी को निरस्त कर दिया। सीएमओ से पूछने पर यह बताया जा रहा है कि काफी बड़ा राजनीतिक दबाव था। कहा कि आप लोग सीएमओ से पूछें कि वे कौन लोग हैं जो रसड़ा सीएचसी को माॅडल अस्पताल बनना नहीं देखना चाहते। किसके दबाव में एनओसी को निरस्त किया गया। विधायक ने कहा कि यह मामला शासन स्तर पर पहुंचेगा।
मैंने आज ही कार्यभार संभाला है। आदेश के बारे में जानकारी नहीं है। जानकारी के बाद ही कुछ कहूंगा। - डॉ. विजय यादव, प्रभारी सीएमओ