बांसडीह। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सहतवार थाना क्षेत्र के पकंहा गांव के गलाफरपुर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। प्रशासन ने करीब 50 बाढ़ पीड़ितों की सूची तैयार की है, जिन्हें मुख्यमंत्री राहत सामग्री वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर, हेलीपैड और बैरिकेडिंग का काम अंतिम चरण में है। निरीक्षण के दौरान विधायक और डीएम ने जर्मन हैंगर के पूरब और पश्चिम दिशा में उसका आकार बढ़ाने के साथ ही मंच का साइज भी बढ़ाने का निर्देश दिया। मंच के पास बनाए गए सेफ हाउस का भी अधिकारियों ने जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग की देखरेख में तैयार किए जा रहे हेलीपैड का निरीक्षण करते हुए डीएम ने खेत के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने को कहा।