अपनी मांगों को लेकर नगर पालिका परिसर में धरना देते सफाईकर्मी।
- फोटो : ballia
नगर पालिका परिसर में छह दिनों से हड़ताल पर बैठे सफाईकर्मियों ने अपने हक-हकूक की मांग को लेकर सोमवार को छठवें दिन धरने पर बैठे रहे। राष्ट्रीय जन अधिकारी पार्टी (यू ) ने भी उनके आंदोलन का समर्थन किया है। इसके अलावा जिला पंचायत के सदस्यों ने भी नपा के गलत नीतियों पर समर्थन देकर उनका मनोबल ऊंचा किया।
सफाईकर्मियों के धरने को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय बाजपेयी ने कहा कि हमारे साथ हाड़कंपाऊ ठंड में नगर पालिका परिसर में धरने पर बैठे है। नगर पालिका में ठेके पर काम कराकर अब तक इनका शोषण किया गया है। अगर ठेकेदार के माध्यम से काम लिया जाता रहा है तो उन्हें पीएफ और श्रम विभाग के कार्यालय में पंजीकरण कराकर प्रमाण क्यों नहीं दिया गया। कहा कि सफाई नायक और नपा के कर्मचारी इनका अब तक शोषण करते रहे हैं। अब तक जिस ठेकेदार से उनसे कार्य लिया। उसे ही नपा के बहुत सारे कार्यों का ठेका दिया गया। जिसकी जांच कराई जानी चाहिए। अगर उन्हें दैनिक भोगी सफाई कर्मी के रुप में रखा गया है तो फिर उनका ठेकेदार से क्या लेना है। इस पूरे प्रकरण में नपा के अफसर और कर्मचारी लिप्त रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि साढ़े सात हजार की जगह मात्र पांच हजार रुपये देकर शांत किया जाता रहा है। एक साजिश के तहत ठेकेदार को काम बंद करा दिया गया है। इस प्रकरण में नपा प्रशासन पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए है। इस मौके सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को सपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव शैलेश एवं सत्यप्रकाश जायसवाल ने भी समर्थन दिया। कहा कि सफाईकर्मचारियों की मांग जायज है। इनका शोषण किया जा रहा है। धरना में नगर अध्यक्ष लखन रावत, राकेश रोशन, जयनाथ, राजू यादव, प्रदीप रावत, मोहन रावत, इंद्रजीत रावत, अर्जुन रावत, आर्यन रावत, सुनील रावत,विशल रावत आदि मौजूद रहे।